गोरखपुर में सड़क निर्माण को लेकर बवाल: नगर निगम टीम और स्थानीय लोगों में मारपीट, वीडियो वायरल

गोरखपुर|09 मई 2026
नगर निगम टीम और स्थानीय लोगों में मारपीट, वीडियो वायरल

नगर निगम के वार्ड नंबर 19 गोपलापुर इलाके में शुक्रवार को सड़क निर्माण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि नगर निगम की प्रवर्तन टीम और स्थानीय लोगों के बीच जमकर कहासुनी और हाथापाई हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मौके पर हंगामा, धक्का-मुक्की और लोगों की भीड़ साफ दिखाई दे रही है। विवाद के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्थिति संभालनी पड़ी। फिलहाल नगर निगम ने सड़क निर्माण का काम अगले आदेश तक रोक दिया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ दिन पहले नगर निगम और प्रशासन की राजस्व टीम ने कॉलोनी में सड़क निर्माण के लिए पैमाइश की थी। इसके बाद इलाके में रास्ता बनाने की मंजूरी दी गई। सड़क निर्माण का काम शुरू हुआ और सड़क किनारे दीवार भी बनाई जाने लगी। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य कई दिनों से चल रहा था। इसी बीच शुक्रवार को सड़क किनारे मौजूद कुछ प्लॉट मालिकों ने जमीन को अपनी निजी संपत्ति बताते हुए काम रुकवा दिया। इसके बाद विवाद शुरू हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम ने पहले खुद पैमाइश कर सड़क निर्माण की अनुमति दी और अब दूसरे पक्ष के दबाव में आकर निर्माण रोक दिया। इसी बात को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई। कॉलोनी के लोग सड़क निर्माण को जरूरी बता रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं कि कुछ लोग जानबूझकर विकास कार्य में बाधा डाल रहे हैं।

नगर निगम टीम पहुंची, शुरू हुई तोड़फोड़

विवाद की सूचना मिलने के बाद नगर निगम की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची। टीम के साथ प्रशासन और पुलिस बल भी मौजूद रहा। लोगों के मुताबिक नगर निगम कर्मचारियों ने पहले से बनी दीवार को गिराना शुरू कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोग भड़क गए और विरोध करने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। लोगों और नगर निगम की टीम के बीच पहले तीखी बहस हुई, फिर धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि स्थिति कुछ देर के लिए पूरी तरह बेकाबू हो गई थी। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए थे। वायरल वीडियो में भीड़ और हंगामे का माहौल साफ देखा जा सकता है।

पार्षद ने नगर निगम पर उठाए सवाल

वार्ड की पार्षद गुंजा ने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण नगर निगम की मंजूरी के बाद शुरू हुआ था। पैमाइश के बाद ही निर्माण कार्य कराया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को अचानक नगर निगम की टीम पहुंची और तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। पार्षद का कहना है कि अगर निर्माण अवैध था तो पहले अनुमति क्यों दी गई। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस बल की मौजूदगी में चला विवाद

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया था। बताया जा रहा है कि एसडीएम के आदेश पर पुलिस टीम पहले से मौके पर मौजूद थी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। हालांकि इसके बावजूद विवाद बढ़ गया और लोगों व नगर निगम कर्मचारियों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने किसी तरह हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।

मामले की होगी जांच

अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद है। इसी वजह से फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की बात सुनी जाएगी और उसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और स्थिति सामान्य बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। वहीं स्थानीय लोग सड़क निर्माण दोबारा शुरू करने की मांग पर अड़े हुए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।